मिरांडा |
मिरांडा हमारे सौरमंडल के सातवें ग्रह युरेनस का पांचवां सबसे बड़ा उपग्रह है | इसकी खोज 16 फरवरी 1948 को डच मूल के अमेरिकी खगोलविज्ञानी गेरार्ड कुइपर ने पश्चिमी टेक्सास की मैकडोनाल्ड वेधशाला से की थी | इस उपग्रह का व्यास तकरीबन 480 कि.मी. है और युरेनस से 1,30,000 कि.मी. की दूरी पर एक कक्षा में रहते हुए इसकी परिक्रमा करता है | जनवरी 1986 में नासा के अंतरिक्ष यान 'वोंयजर 2' ने युरेनस के करीब से गुजरते हुए इस उपग्रह की अनेक तस्वीरें ली थीं, जिन्हें देखकर इसके बारे में कई अहम जानकारियां मिलीं | 'वोंयजर 2' जब वहां से गुजरा, तब इसका दक्षिणी गोलार्ध सूर्य के सम्मुख था, लिहाजा उसका ही अध्ययन हो पाया | यह अध्ययन के लिहाज से सौरमंडल के सर्वाधिक दिलचस्प उपग्रहों में से एक है, जिसका जटिल भूगर्भीय इतिहास है | इसकी सतह ज्यादातर जलीय बर्फ व सिलिका की चट्टानों से मिलकर बनी है, जिसमें बड़ी-बड़ी दरारें, गर्त, घाटियां मौजूद है | इसकी कई घाटियां तो ग्रैंड कैनयन से 12 गुना तक बड़ी है | इस उपग्रह का नामकरण विलियम शेक्सपीयर के मशहूर नाटक 'द टेंपेस्ट' के प्रमुख पात्र प्रोंस्पेरो की बेटी मिरांडा के नाम पर किया गया, जो इस नाटक की इकलौती महिला पात्र थी |